रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / तुमीडीह के साप्ताहिक बाजार में शराब के नशे में विवाद के बाद तीन लोगों पर ब्लेड से हमला करने वाले आरोपी को पूंजीपथरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ब्लेड भी बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त को सोमा सिंकू ने थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपने साथी बुधराम मुंडा के साथ सामान लेकर बांके बिहारी कंपनी लेबर कॉलोनी लौट रहे थे। इसी दौरान तुमीडीह इंदिरा भवन के पास एक व्यक्ति शराब के नशे में राहगीरों से गाली-गलौज कर रहा था।
विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी और जेब से ब्लेडनुमा धारदार वस्तु निकालकर सोमा सिंकू और बुधराम मुंडा के गले के पास वार कर दिया। दोनों घायल होकर वहां से भागे और बुधन सिंह टियू को घटना की जानकारी दी। इसी दौरान आरोपी ने बुधन सिंह पर भी ब्लेड से हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त ब्लेड जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी सुभाष पन्ना (48 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 213/2026 में धारा 296, 351(3), 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

