TODAY छत्तीसगढ़ / गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के प्रवास पर पहुंचे पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम का स्वागत जिले की विशिष्ट पहचान 'विष्णु भोग' चावल से किया गया। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने उन्हें महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे 'विष्णु भोग' चावल का पैकेट भेंट कर सम्मानित किया।
बिहान योजना से महिलाओं को मिल रही नई पहचान
कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने बताया कि 'विष्णु भोग' चावल का उत्पादन बिहान योजना के तहत महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा किया जा रहा है। यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ स्थानीय कृषि उत्पादों को नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने पुलिस महानिदेशक को चावल की गुणवत्ता, उसकी विशेषताओं और उत्पादन से लेकर विपणन तक महिला समूहों की सक्रिय भागीदारी की जानकारी भी दी।
DGP बोले- यह सिर्फ चावल नहीं, महिलाओं की मेहनत का प्रतीक
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने महिला स्व-सहायता समूहों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि 'विष्णु भोग' चावल केवल एक कृषि उत्पाद नहीं, बल्कि महिलाओं की मेहनत, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण आजीविका सशक्तिकरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलने से जिले की विशिष्ट पहचान राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित होती है और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
देशभर में पहचान बनाने की उम्मीद
डीजीपी ने विश्वास जताया कि गुणवत्ता और परंपरा के साथ तैयार किए जा रहे ऐसे उत्पाद भविष्य में प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में अपनी अलग पहचान बनाएंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से किसानों और महिला स्व-सहायता समूहों को बेहतर बाजार मिलेगा, जिससे ग्रामीण विकास को भी नई गति मिलेगी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

.jpeg)