Slider

आम जनता को मूलभूत सुविधाओं से दूर रखकर कांग्रेसी केवल देश को लूटते रहे - कौशिक


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /   प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक ने झारखंड में कांग्रेस सांसद पर हुई आयकर विभाग की कार्यवाही को लेकर कांग्रेस पर आरोप लगाया कि जहां जहां कांग्रेस की सरकार बनी वहा वहा भ्रष्टाचार हुए। देश की सबसे बड़ी पार्टी जिसने आजादी के बाद सर्वाधिक काल तक देश में शासन किया परन्तु वह पार्टी इतने लम्बे अरसे से सरकार में रहते हुए सिर्फ़ और सिर्फ़ भ्रष्टाचार में लिप्त रही कांग्रेस के नेता मंत्री देश को लूटते रहे और इसी लूट के चक्कर में आम जनमानस को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया। बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने यह बाते आज भाजपा कार्यालय में पत्रकारवार्ता के दौरान कहीं। 

कौशिक ने झारखंड में कांग्रेस सांसद पर हुई आयकर विभाग की कार्यवाही के संबंध में कहा कि झारखंड में कांग्रेस सांसद के यहां आईटी छापे में मिली रकम ने कांग्रेस पार्टी को बेनकाब कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में अच्छा खासा रसूख रखने वाले राज्यसभा सांसद धीरज साहू के औद्योगिक कंपनी के 10 ठिकानों पर छापामार कार्यवाही करते हुए आयकर विभाग ने 300 करोड़ रूपए नगदी बरामद किया है।  धरमलाल कौशिक ने कहा कि धीरज साहू जो कि कांग्रेस से तीसरी बार राज्यसभा के सांसद है उनके द्वारा राज्यसभा चुनाव 2018 में चुनाव आयोग को दिए गए शपथ पत्र में अपनी कुल संपत्ति 34 करोड़ रुपए होना स्वीकार किया है। एक बड़ी शराब कम्पनी का संचालन करने वाले धीरज साहू कांग्रेस में प्रदेश स्तर पर बड़े बड़े पदों में रह चुके हैं। उन्हें झारखंड प्रदेश में कांग्रेस के सबसे बड़े फाइनेंसर के रूप में जाना जाता है। श्री कौशिक ने आगे कहा कि राज्यभर में इस बात की चर्चा रहती है कि ये गांधी परिवार के भरोसेमंद और उनके परिवार से संबंध काफी करीबी है। 

 मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा लोहरदगा विधायक एवम झामुमो - कांग्रेस गठबंधन सरकार में वित्तमंत्री रामेश्वर उराव के साथ भी राज्यसभा सांसद धीरज साहू के घनिष्ठ सम्बन्ध है। श्री कौशिक ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने इस देश को दीमक की तरह चाटने का काम किया है। यदि स्थिति यही रही तो देश का क्या होगा ?  लूट और भ्रष्टाचार का यह इकलौता उदाहरण नहीं है। जब से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश में  जीरो टोरलेंस की नीति लेकर आए हैं बड़े बड़े चौकाने वाले खुलासे हुए हैं।


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com