TODAY छत्तीसगढ़ / छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में कलेक्टर डॉ.सारांश मित्तर ने नगरीय निकाय क्षेत्र से लॉकडाउन को हटा दिया है। सात अगस्त से दुकान व व्यावसायिक संस्थान सुबह छह से रात आठ बजे तक खुलेंगे। रेस्टोरेंट का संचालन रात्रि 10 बजे तक किया जा सकेगा। मॉल,मल्टीप्लेक्स,सिनेमा घर,जिम व स्वीमिंग पुल बंद रहेंगे। सभी शासकीय व निजी कार्यालयों का संचालन पूर्व की भांति किया जाएगा। अनलॉक के दौरान खरीदारी करते वक्त शारीरिक दूरी का पालन करने व चेहरे पर मॉस्क लगाने के निर्देश दिए हैं। मॉस्क न लगाने वालों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम में दी गई व्यवस्था के तहत कार्रवाई की जाएगी।
15 दिनों तक लॉकडाउन में रहने के बाद शुक्रवार सात अगस्त से हम एक बार फिर अनलॉक हो रहे हैं। कलेक्टर ने आदेश जारी कर बिलासपुर नगर निगम,बिल्हा व बोदरी नगरीय निकायों की सीमा को अनलॉक कर दिया है। निकाय सीमा क्षेत्र में लॉकडाउन की बंदिशों को खत्म कर दिया गया है। हॉटस्पॉट व कंटेनमेंट जोन घोषित होने की स्थिति में केंद्र सरकार की गाइड लाइन के अनुसार बंदिशों की जानकारी भी दी गई है। इन क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियां रोक दी जाएंगी। दुकानों के अलावा किसी भी व्यापारिक प्रतिष्ठानों को खोलने की अनुमति नहीं रहेगी। एक दायरे के भीतर यहां के निवासियों को रहना पड़ेगा।

