TODAY छत्तीसगढ़ / पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने मंगलवार को विधानसभा चुनाव के एक वर्ष पूर्ण होने पर भूपेश सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस का एक साल दुर्भाग्यपूर्ण रहा। जनता से बड़े-बड़े वादे कर सत्ता में तो आ गई, लेकिन आज भूपेश सरकार अपने वादों को पूरा करने में असफल साबित हो रही है। TODAY छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें -
एकात्म परिसर में प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता भूपेश सरकार से परेशान हो गई है। किसानों की समस्याओं का हल नहीं हो पाया है। किसान और प्रदेश के युवा बेरोजगार हैं। सरकार किसानों से धान खरीदने में भी विफल रही है। स्वसहायता समूह की महिलाओं के लिए 11 सौ करोड़ के कर्जमाफी का वादा कर सरकार भूल गई है। भूपेश सरकार ने शराब बंदी का वादा किया था, लेकिन शराब की बिक्री को और बढ़ा रही है। किसानों की धान खरीदी का समय 2 घंटे कम कर दिए हैं। उस समय को शराब बिक्री में लगा रही है।
डॉ. सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता के स्वास्थ के लिए भाजपा सरकार सदैव चिंतित रही है। उन्होंने 50 हजार तक स्वास्थ्य सुविधाओं प्रत्येक परिवार को लाभ देती रही है और आज भूपेश की सरकार इन योजनाओं को बंद कर जनता के सामने क्या दर्शाना चाह रही है? यह उसकी मानसिकता है। आज कांग्रेस सरकार की आर्थिक स्थिति पूरी तरह चरमरा गई है। वित्तीय घाटा चरम सीमा तक पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि भूपेश जी गेड़ी चढऩे और भौरा चलाने से देश का विकास नहीं होता। जनता से जो वादा किया है उसे पूरा करें। भाजपा सरकार प्रदेश के विकास और जनता की भलाई के लिए कर्ज लेती थी और आज भूपेश सरकार अपने वादों को पूरा करने लोगों के बीच दिखावा करने के लिए कर्ज ले रही है। नरवा, गरुवा, घुरुवा, बाड़ी जैसी योजनाओं में पैसा खर्च कर रही है। जिसका कहीं से भी विकास नहीं दिख रहा है।