[TODAY छत्तीसगढ़] / न्यायधानी का सत्यम चौक अब शहीद विनोद चौबे चौक के नाम से जाना जाएगा। इस बात की घोषणा सूबे के मुखिया भूपेश बघेल ने की है। सोमवार की शाम बिलासपुर पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का रेलवे स्टेशन जाने के दौरान सत्यम चौक में भव्य और आत्मीय स्वागत किया गया । स्वागत की औपचारिकताओं के बीच कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री से सत्यम चौक का नाम शहीद विनोद चौबे के नाम पर करने की मांग की। जिसे मुख्यमंत्री ने तुरंत स्वीकृति देते हुए मूर्ति स्थापना के लिए कोई उपयुक्त जगह देखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने चौक निर्माण के लिए बजट स्वीकृत करने का आश्वासन भी दिया है।
बिलासपुर शहर में जन्मे स्व.चौबे नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। उन्हें श्रद्घांजलि देने कांग्रेस महामंत्री ने मुख्यमंत्री से सत्यम चौक का नामकरण शहीद चौबे के नाम पर करने की मांग की। इस पर उन्होंने मांग को तुरंत मानते हुए न सिर्फ नए नामकरण की सहमति दी,बल्कि स्थानीय लोगों और अधिकारियों को मिलकर शहीद विनोद चौबे की मूर्ति भी लगाने की स्वीकृति दे दी। उन्होंने कहा कि मूर्ति स्थापित करने के लिए कोई भी उपयुक्त जगह देख लें। इस काम में जितनी भी राशि खर्च आएगी उसके लिए शासन से फंड जारी किया जाएगा।
