Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

ननकीराम की शिकायत : गुप्ता की जांच करेंगे डीजी जेल नायक

[TODAY छत्तीसगढ़] छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री और रामपुर विधानसभा से भाजपा विधायक ननकी राम कंवर की डीजी मुकेश गुप्ता के खिलाफ मुख्यमंत्री से की गई शिकायत की जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। मुकेश गुप्ता के खिलाफ मिली शिकायत के मामले में  डीजी जेल गिरधारी नायक जांच करेंगे। राज्य सरकार ने नायक को जांच करके दो महीने में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
उल्लेखनीय है की विधानसभा सत्र के दौरान ननकीराम कंवर ने मुकेश गुप्ता के खिलाफ सात पेज की शिकायत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से की थी। मुख्यमंत्री बघेल ने राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान ही एलान किया था कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। कंवर ने अपनी शिकायत में गुप्ता की पदोन्न्ति से लेकर मिक्की मेहता मामले की शिकायत की गई थी। मुकेश गुप्ता पर कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने महिला मिक्की मेहता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले की भी जांच की मांग की है। कंवर ने पत्र में लिखा था कि मिक्की मेहता के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। भाजपा सरकार में भी ननकीराम कंवर ने मुकेश गुप्ता की शिकायत की थी, लेकिन उस समय मामले की जांच नहीं हुई।
शिकायत में कंवर ने आरोप लगाया था कि मुकेश गुप्ता के दबाव में मिक्की मेहता के परिजनों को प्रताड़ित किया गया और कई तरह का गंभीर अपराध भी दर्ज किया गया। कंवर ने पत्र में आरोप लगाया कि मुकेश गुप्ता की पदोन्न्ति नियम विरूद्ध हुई है। ईओडब्ल्यू/एसीबी में पदस्थ सूबेदार रेखा नायर के नाम से गुप्ता पर करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्ति खरीदने और उसके जरिये नेताओं, अधिकारियों का फोन अवैध तरीके से इंटरसेप्ट कराने की भी शिकायत की गई थी। कंवर ने राजनांदगांव के मदनवाड़ा में नक्सलियों से हुई मुठभेड़ की जांच की भी मांग की है। इसमें कंवर ने आरोप लगाया कि पुलिस अधीक्षक विनोद चौबे की शहादत में मुकेश गुप्ता की संदिग्ध भूमिका थी।


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा