Slider

∎ सीबीआई में जारी कलह पर सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को सुनवाई हुई। अटॉर्नी जनरल केके. वेणुगोपाल ने मुख्‍य न्‍यायाधीश रंजन गोगोई की अध्‍यक्षता वाली तीन जजों की पीठ के समक्ष सरकार का पक्ष रखा। अटॉर्नी जनरल ने बहस के दौरान कहा, ‘सीबीआई के दो वरिष्‍ठतम अधिकारियों (सीबीआई प्रमुख आलोक वर्मा और विशेष निदेशक राकेश अस्‍थाना) की लड़ाई सार्वजनिक हो गई थी। लिहाजा, केंद्र सरकार इसको लेकर काफी चिंतित थी। सरकार और केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) को फैसला लेना था कि दोनों में कौन सही है और कौन गलत। इस प्रकरण से सीबीआई का ही मजाक बना।’ इस पर सुप्रीम कोर्ट ने अटॉर्नी जनरल से पूछा कि क्‍या उनके पास इस बाबत कोई सबूत है कि सीबीआई डायरेक्‍टर आलोक वर्मा ने इस झगड़े को सार्वजनिक कर दिया। इस पर केके. वेणुगोपाल ने तीन सदस्‍यीय पीठ को अखबार की कुछ क्‍लीपिंग्‍स दी। अटॉर्नी जनरल केके वेणुगोपाल ने सुप्रीम कोर्ट से यह भी कहा है कि सरकार द्वारा इस मामले में कार्रवाई करना जरुरी था ताकि सीबीआई जैसी संस्था में जनता का विश्वास बना रहे। जिस तरह के हालात थे उसमें सरकार का हस्तक्षेप करना जरुरी हो गया था। सभी तथ्यों को ध्यानपूर्वक देखने के बाद केंद्र सरकार ने आलोक वर्मा को उनके पद से हटाने का निर्णय लिया। केके वेणुगोपाल ने अदालत में आगे कहा कि आलोक वर्मा और राकेश अस्थाना के बीच झगड़ा काफी बढ़ गया था और यह मुद्दा लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया था। भारत सरकार इन सभी चीजों को देख रही थी कि कैसे वरिष्ठ अधिकारी बुरी तरह से आपस में लड़ रहे थे। अटॉर्नी जनरल ने कोर्ट से यह भी कहा कि केंद्र सरकार सीबीआई अध्यक्ष को नियुक्त करती है और उसके पास इतनी शक्तियां हैं कि वो इस एजेंसी की देख-रेख करे। 
∎ भारतीय युवक कांग्रेस ने संगठन की विधिक इकाई के राष्ट्रीय प्रभारी अल्जो के जोसेफ़ को पार्टी से निकाल दिया गया है. जोसेफ़ अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर सौदे के कथित बिचौलिए क्रिश्चियन मिशेल की ओर से बुधवार को कोर्ट में पेश हुए थे. मिशेल को मंगलवार रात संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत प्रत्यर्पित किया गया था. उन्हें बुधवार को दिल्ली की एक कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट ने उन्हें पांच दिन के लिए सीबीआई की हिरासत में सौंप दिया है. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक जोसेफ़ कोर्ट में मिशेल की ओर से पेश हुए. उन्होंने और एक अन्य वकील विष्णु शंकरन ने मिशेल को सीबीआई की हिरासत में देने का विरोध किया. उनका तर्क था कि उन्हें सीबीआई की ओर से कोई दस्तावेज नहीं मिले हैं और मिशेल को न्यायिक हिरासत में रखा जाना चाहिए. जोसेफ़ के मिशेल की ओर से कोर्ट में पेश होने को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी. जल्दी ही वो सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगे.
मोदी ने कहा- खुलेंगे राज़- 
पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के दौर में हुए अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर सौदे को लेकर भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस को घेरने की कोशिश में है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बुधवार को राजस्थान की एक रैली में मिशेल के प्रत्यपर्ण को लेकर इशारों इशारों में कांग्रेस पर निशाना साधा. मोदी ने कहा, "वो इंग्लैंड का नागरिक था, दुबई में रहता था, शस्त्रों का सौदागर था, हेलिकॉप्टर ख़रीदने-बेचने में दलाली का काम करता था, दुबई में राजनेताओं की सेवा-सुश्रुषा करता था. भारत सरकार कल उसको दुबई से उठाकर ले आई है. अब ये राज़दार राज़ खोलेगा, पता नहीं बात कहाँ तक पहुँचेगी, कितनी दूर तक पहुँचेगी." ऐसे में कांग्रेस ने भी इस मामले में सक्रियता दिखाई. युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अमरीश रंजन पांडेय ने एक प्रेस नोट जारी कर जोसेफ़ को पार्टी से निकाले जाने की जानकारी दी.
∎ देश की राजधानी दिल्‍ली के सबसे व्‍यस्‍ततम इलाकों में से एक चांदनी चौक इन दिनों सुर्खियों में है। आयकर विभाग (IT) विभाग ने चंदानी चौक में छापा मारकर हवाला रैकेट का पर्दाफाश किया है। यहां तहखानों में 180 बेनामी लॉकर्स का पता चला है। IT विभाग अब तक करोड़ों रुपया जब्‍त कर चुका है। सूत्रों ने न्‍यूज एजेंसी ‘ANI’ को बताया कि फिलहाल 5 लॉकरों को ही खोला गया है। इनमें से 5.4 करोड़ रुपये बरामद किए गए हैं। आयकर विभाग के अभियान में अब तक 30.4 करोड़ रुपया बरामद किया जा चुका है। IT विभाग के सूत्रों पर भरोसा करें तो अभी 175 लॉकरों को खोला जाना बाकी है। ऐसे में बेनामी लॉकरों में जमा राशि के बारे में अनुमान लगाना भी मुश्किल है।
बताया जाता है कि इन लॉकरों में खासकर गुटका, केमिकल और ड्राई फ्रूट्स कारोबारियों के पैसे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, IT को 28 अक्‍टूबर को हवाला रैकेट के बारे में पुख्‍ता सूचना मिली थी। इसके बाद दिल्‍ली में आठ ठिकानों पर छापा मारा गया। चांदनी चौक के खारी बावली स्थित राजहंस मिल्‍स और नया बाजार स्थित कुछ ठिकाने भी शामिल हैं। वर्ष 2016 में बेनामी कानून के अमल में आने के बाद से यह पहला मौका है जब IT ने इतने बड़े पैमाने पर बेनामी लॉकर्स का पता लगाया है। चांदनी चौक हवाला रैकेट के गढ़ के तौर पर जाना जाता है। चांदनी चौक में होने वाली हवाला संबंधी गतिविधियों पर करीब से नजर रखने वाले कारोबारी बताते हैं कि नोटबंदी के वक्‍त भी यहां चलने वाले हवाला कारोबार पर कोई खास असर नहीं पड़ा था। बड़ी तादाद में लॉकर्स मिलने पर केंद्रीय प्रत्‍यक्ष कर बोर्ड के अध्‍यक्ष सुशील चंद्रा ने कहा था कि इन लॉकर्स का केवाईसी नहीं कराया गया था।
∎ इंटरमीडिएट-रेंज न्यूक्लियर फोर्सेज ट्रीटी को लेकर रूस और अमेरिका आमने-सामने आ गए हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के बयान पर रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमिर पुतिन ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि अमेरिका प्रतिबंधित मिसाइलों को विकसित करता है तो रूस भी ऐसा ही करेगा. इससे पहले अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने नाटो की एक बैठक में घोषणा की थी कि अमेरिका रूसी धोखाधड़ी के कारण 60 दिनों में इंटरमीडिएट-रेंज न्यूक्लियर फोर्सेज ट्रीटी (आईएनएफ) के तहत अपने दायित्वों को छोड़ेगा.
∎ डिजिटल मीडिया सिर्फ सेल्फ ब्रांडिंग का माध्यम नहीं है, बल्कि यह कमाई का भी बड़ा जरिया हो सकता है। सोशल मीडिया के यूट्यूब प्लेटफार्म ने कई प्रतिभाओं को न सिर्फ सुपर स्टार बनाया है, बल्कि अच्छे पैसे कमाने का रास्ता भी दिखाया है। आज हम आपको एक ऐसे बच्चे के बारे में बताते हैं, जिसका नाम रियान है। सात वर्षीय रियान यूट्यूब पर सबसे कम उम्र का लोकप्रिय स्टार है। इसकी कमाई सुनकर आप चौंक जाएंगे। फोर्ब्स पत्रिका में यूट्यूब चैनल पर दस सबसे ज्‍यादा कमाई करने वाले यूट्यूबर्स की रैंकिंग में सात वर्षीय रियान का नाम शीर्ष पर है। पिछले वर्ष यह सात वर्षीय बालक आठवें स्‍थान पर था। यूट्यूब पर खिलौनों का रिव्यू करने वाले रियान ने 2018 में अकेले दो करोड़, 20 लाख डालर कमाए हैं। यूट्यूब पर कमाई के मामले में रियान ने 21 वर्षीय जेक पॉल को पीछे करते हुए नंबर वन की श्रेणी प्राप्‍त की है। उनके चैनल में कुल 17,298,646 ग्राहक हैं। मेकअप कलाकार जेफ्री स्टार और स्वीडिश गेमर फेलिक्स केजेलबर्ग की तुलना में रियान ने इस साल अधिक पैसे अर्जित किए। रियान पर यूट्यूब पर सात करोड़ 25 लाख बड़े अनुयायी है। अमेरिका के रियान का यूट्यूब पर एक चैनल है। इसका नाम RyanToysReview है। इसके माध्यम से रियान खिलौनों का रिव्यू करता है। चैनल के हर वीडियो पर लाखों हिट्स और करोड़ों कमेंट आते हैं। यूट्यूब पर ये चैनल रियान की फ़ैमिली चलाती है, जिस पर रियान खिलौनों की समीक्षा करता है। चैनल की शुरुआत में वो केवल खिलौनों से खेलता हुआ दिखता था, पर जैसे-जैसे उसके वीडियो हिट होते गए, उसने उन्हीं खिलौनों के रिव्यूज़ देने भी शुरू कर दिया।
© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com