शौक पूरे करने के लिए बने लुटेरे, पुलिस ने CCTV कैमरे खंगालकर पकड़ा गैंग

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / मोपका बायपास क्षेत्र में हार्वेस्टर चालक से लूट की वारदात का खुलासा करते हुए कोनी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों एवं एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और नगदी बरामद की गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार कबीरधाम जिले के ग्राम कामनबोड़ निवासी हरमेन्द्र साहू धान कटाई के लिए हार्वेस्टर मशीन लेकर बिलासपुर आए हुए थे। 27 मई की रात हार्वेस्टर मशीन खराब हो जाने के कारण वह ग्राम रमतला के पास मशीन सुधारने में लगे थे। देर रात भोजन लेने के लिए मोटरसाइकिल से ढाबे की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान 28 मई की रात करीब 12:30 बजे मोपका बायपास मोड़ के पास चार युवकों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। नहीं रुकने पर आरोपियों ने लात मारकर उन्हें मोटरसाइकिल समेत गिरा दिया। इसके बाद बेल्ट और हाथ-मुक्कों से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा उनकी जेब में रखे 10 हजार रुपये नकद और करीब 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर थाना कोनी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने घूमने-फिरने और अपने शौक पूरे करने के लिए लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अनिकेत पटेल, जयप्रकाश पटेल और जयप्रकाश यादव निवासी ग्राम मुढ़ी शामिल हैं। इसके अलावा एक 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 1800 रुपये नकद और पोको कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

रतनपुर में एक अधिकारी नहीं, भरोसे का अध्याय लिखकर गईं 'अंशिका जैन'


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  प्रशासनिक व्यवस्था में तबादले और पदस्थापनाएं एक सतत प्रक्रिया हैं। अधिकारी आते हैं, अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं और फिर नई जगहों पर नई चुनौतियों की ओर बढ़ जाते हैं। लेकिन कभी-कभी कुछ नाम ऐसे होते हैं, जो सरकारी फाइलों से निकलकर सीधे लोगों के दिलों में अपनी जगह बना लेते हैं। रतनपुर थाना प्रभारी के रूप में प्रोबेशनर आईपीएस अंशिका जैन का कार्यकाल भी एक ऐसी ही कहानी बन गया है, जिसे केवल सेवा अवधि के आंकड़ों से नहीं, बल्कि लोगों की स्मृतियों और भावनाओं से समझा जा सकता है।

रतनपुर जैसा संवेदनशील और महत्वपूर्ण थाना किसी भी युवा अधिकारी के लिए केवल एक पदस्थापना नहीं, बल्कि एक कठिन परीक्षा होती है। प्रशिक्षण काल में मिली यह जिम्मेदारी अंशिका जैन के लिए अनुभव अर्जित करने का अवसर तो थी ही, साथ ही यह उनके व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता और संवेदनशीलता की भी कसौटी थी। चुनौतियां थीं, परिस्थितियां जटिल थीं, और अनुभव सीमित था, लेकिन यही वे क्षण होते हैं जहां एक अधिकारी अपने भविष्य की पहचान गढ़ता है।

अपने कार्यकाल के दौरान अंशिका जैन ने केवल कानून-व्यवस्था संभालने की भूमिका नहीं निभाई, बल्कि पुलिस और जनता के बीच उस भरोसे के पुल को मजबूत करने का प्रयास किया, जिसकी आज सबसे अधिक आवश्यकता महसूस की जाती है। थाने का दरवाजा केवल शिकायत दर्ज कराने का स्थान न रहकर संवाद और विश्वास का केंद्र बनता दिखाई दिया। लोगों ने उनमें एक ऐसी अधिकारी को देखा, जो वर्दी की गरिमा के साथ मानवीय संवेदनाओं को भी बराबर महत्व देती थीं।

उनके कार्यकाल का सबसे कठिन दौर पेंडरवा हत्याकांड के रूप में सामने आया। यह केवल एक आपराधिक घटना नहीं थी, बल्कि पूरे क्षेत्र की संवेदनाओं और कानून-व्यवस्था की परीक्षा का समय था। ऐसे तनावपूर्ण माहौल में संयम, धैर्य और जिम्मेदारी के साथ हालात को संभालना किसी भी अधिकारी के लिए बड़ी चुनौती होती है। इस चुनौतीपूर्ण समय में पुलिस प्रशासन ने जिस गंभीरता और तत्परता के साथ कार्य किया, उसने लोगों के भीतर व्यवस्था के प्रति विश्वास को मजबूत किया। 

इस पूरे घटनाक्रम में बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस रजनेश सिंह का नेतृत्व भी उल्लेखनीय रहा। घटना की सूचना मिलते ही उनका स्वयं सबसे पहले पेंडरवा गांव पहुंचना केवल प्रशासनिक सक्रियता नहीं, बल्कि संवेदनशील नेतृत्व का उदाहरण था। संकट की घड़ी में जनता के बीच उपस्थित रहना और संवाद के माध्यम से भरोसा कायम करना किसी भी पुलिस नेतृत्व की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है। 

रतनपुर में अपने अंतिम दिन (31 मई) जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह थाना पहुंचे और उन्होंने अंशिका जैन के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की, तब वह केवल एक औपचारिक प्रशंसा नहीं थी। वह उन प्रयासों, संघर्षों और अनुभवों की स्वीकृति थी, जो किसी युवा अधिकारी को भविष्य के लिए और अधिक परिपक्व बनाते हैं।

एक महिला अधिकारी के रूप में अंशिका जैन ने जिस आत्मविश्वास, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया, वह न केवल उनके व्यक्तिगत भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि उन अनेक युवा महिलाओं के लिए भी प्रेरणा है जो प्रशासनिक सेवाओं में अपना स्थान बनाने का सपना देखती हैं।

रतनपुर से उनकी विदाई प्रशासनिक दृष्टि से भले ही एक सामान्य प्रक्रिया हो, लेकिन क्षेत्र के अनेक लोगों के लिए यह एक ऐसे अध्याय का समापन है, जिसने पुलिसिंग के मानवीय चेहरे को करीब से देखने का अवसर दिया। कुछ कार्यकाल समय की दृष्टि से छोटे होते हैं, लेकिन उनका प्रभाव वर्षों तक बना रहता है। अंशिका जैन का रतनपुर प्रवास भी शायद उन्हीं स्मृतियों में शामिल हो चुका है।

कल जब वे किसी नए जिले, नई जिम्मेदारी और नई चुनौतियों की ओर बढ़ेंगी, तब रतनपुर उन्हें केवल एक पूर्व थाना प्रभारी के रूप में नहीं, बल्कि उस अधिकारी के रूप में याद करेगा जिसने अपने सीमित कार्यकाल में संवाद, संवेदनशीलता और सेवा की ऐसी छाप छोड़ी, जिसे समय आसानी से मिटा नहीं पाएगा। 


गांजा तस्करी: ड्रोन उड़ा तो खुल गया नशे का राज, 5 नाबालिगों समेत 7 गिरफ्तार


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  / नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ड्रोन कैमरे की निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने चिंगराजपारा के कुंदरू बाड़ी क्षेत्र में दबिश देकर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें पांच विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से 6.744 किलोग्राम गांजा और एक धारदार चाकू बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि चांटीडीह और आसपास के क्षेत्रों में नाबालिग बच्चों के माध्यम से गांजा बेचा जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने ड्रोन कैमरे की मदद से क्षेत्र में निगरानी शुरू की और संदिग्ध स्थानों को चिन्हित किया।

इसी दौरान सोमवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि कुंदरू बाड़ी क्षेत्र में कुछ लोग बड़ी मात्रा में गांजा बेचने और खपाने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी और सात आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में कुश यादव उर्फ पप्पू यादव (25) निवासी चिंगराजपारा कुंदरू बाड़ी तथा दीपक साहू (18) निवासी विश्वकर्मा चौक चिंगराजपारा शामिल हैं। इनके अलावा पांच विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.744 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.35 लाख रुपये बताई जा रही है। तलाशी के दौरान एक धारदार चाकू भी बरामद हुआ है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे सक्रिय मुख्य सरगना कौन है।

मासिक धर्म स्वच्छता पर बनी साइलेंट फिल्म ‘पर Silent’ का पोस्टर लॉन्च


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  विश्व मासिक स्वच्छता दिवस (वर्ल्ड मेंस्ट्रुअल हाइजीन डे) के अवसर पर महिलाओं के स्वास्थ्य और मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आर्यन फिल्म्स द्वारा निर्मित साइलेंट फिल्म ‘पर Silent’ का पोस्टर बुधवार को लॉन्च किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शहर में गरिमामय वातावरण में हुआ।

फिल्म का औपचारिक विमोचन कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत स्काउट्स एंड गाइड्स से जुड़ी पूनम सिंह की उपस्थिति में हुई। इस अवसर पर फिल्म के निर्देशक रामानंद तिवारी और क्रिएटिव डायरेक्टर महेंद्र सूर्यवंशी भी मौजूद रहे।

निर्देशक ने बताया कि फिल्म ‘पर Silent’ मासिक धर्म स्वच्छता, महिला स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को संवेदनशील और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। फिल्म का उद्देश्य महिलाओं से जुड़े ऐसे विषयों पर संवाद को बढ़ावा देना है, जिन पर आज भी समाज में खुलकर चर्चा नहीं हो पाती। फिल्म में कृष्णनी तिवारी एवं नरेंद्र सिंह चंदेल ने अभिनय किया है। फिल्म के डीओपी मोहनीश हैं, जबकि पोस्ट प्रोडक्शन का कार्य जीतू स्टूडियो द्वारा किया गया है।

इस अवसर पर टेर्सल हर्ब प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से 500 सेनेटरी पैड का वितरण भी किया गया। उपस्थित अतिथियों ने महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

अतिथियों ने कहा कि फिल्मों जैसे प्रभावी माध्यम के जरिए सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को लोगों तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। इससे समाज में जागरूकता बढ़ेगी और महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा का वातावरण तैयार होगा।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com