बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / मोपका बायपास क्षेत्र में हार्वेस्टर चालक से लूट की वारदात का खुलासा करते हुए कोनी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों एवं एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और नगदी बरामद की गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार कबीरधाम जिले के ग्राम कामनबोड़ निवासी हरमेन्द्र साहू धान कटाई के लिए हार्वेस्टर मशीन लेकर बिलासपुर आए हुए थे। 27 मई की रात हार्वेस्टर मशीन खराब हो जाने के कारण वह ग्राम रमतला के पास मशीन सुधारने में लगे थे। देर रात भोजन लेने के लिए मोटरसाइकिल से ढाबे की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान 28 मई की रात करीब 12:30 बजे मोपका बायपास मोड़ के पास चार युवकों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। नहीं रुकने पर आरोपियों ने लात मारकर उन्हें मोटरसाइकिल समेत गिरा दिया। इसके बाद बेल्ट और हाथ-मुक्कों से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा उनकी जेब में रखे 10 हजार रुपये नकद और करीब 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर थाना कोनी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने घूमने-फिरने और अपने शौक पूरे करने के लिए लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अनिकेत पटेल, जयप्रकाश पटेल और जयप्रकाश यादव निवासी ग्राम मुढ़ी शामिल हैं। इसके अलावा एक 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 1800 रुपये नकद और पोको कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।





