Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

दिल्ली : अनाज मंडी में भीषण आग, 43 लोगों की मौत

TODAY छत्तीसगढ़  / दिल्ली के रानी झांसी रोड पर अनाज मंडी स्थित एक फैक्ट्री में रविवार सुबह लगी भीषण आग में अब तक 43 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। जबकि करीब दो दर्जन से अधिक लोगों को राजधानी के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। आग इतनी भीषण थी कि मौके पर दमकल की 30 गाड़ियों को तैनात करना पड़ा। अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने 50 से ज्यादा लोगों को बचाया है। आग में झुलसे अन्य लोगों को दिल्ली के एलएनजेपी, सफदरजंग, आरएमएल और हिंदू राव हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। फायर ब्रिगेड और दिल्ली पुलिस की टीमें अभी भी लोगों को घटना स्थल से बाहर निकालने में जुटी हुई हैं। 

दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि आग लगने की जानकारी सुबह पांच बजकर 22 मिनट पर मिली जिसके बाद दमकल की 30 गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। दिल्ली के डिप्टी फायर चीफ ऑफिसर सुनील चौधरी ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए कहा, 'आग 600 वर्ग फुट के कुल क्षेत्र में लगी। अंदर बहुत अंधेरा था। आग एक फैक्ट्री में लगी जिसमें स्कूल बैग्स, बॉटल्स और अन्य तरह की चीजें स्टोर की गईं थी।'चौधरी ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। जब आग लगी उस वक्त फैक्ट्री के अंदर करीब 50 लोग मौजूद थे। यह फैक्ट्री आवासीय क्षेत्र में चलाई जा रही थी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने संबंधित सभी विभागों को अविलंब हर तरह की सहायता मुहैया कराने का निर्देश दिया है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस घटना को बेहद दुखद बताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'सुरक्षा और बचाव कार्य जारी है, अग्निशमन विभाग के कर्मचारी अपना सर्वश्रेष्ठ दे रहे हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।' TODAY छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें

दिल्ली सरकार में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन ने घटना को दुखद बताया। उन्होंने कहा, 'घटना की जांच की जाएगी और जो भी जिम्मेदार होंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।' 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा