[TODAY छत्तीसगढ़] / छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के मतदान की तारीख करीब आते ही सियासी पार्टियों के स्टार प्रचारकों का दौरा तेज हो गया है। गुरुवार को बेलतरा विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी रजनीश सिंह के समर्थन में रोड शो के जरिये प्रचार करने बिलासपुर पहुंचे दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी ने मतदाताओं से अपील की है की छत्तीसगढ़ के विकास में सहभागी बनने के लिए भाजपा को वोट दें। निर्धारित समय से करीब दो घंटे विलम्ब से बिलासपुर पहुंचे मनोज तिवारी का एसईसीएल हेलीपैड पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर स्वागत किया। स्वागत-सत्कार की औपचारिकता के बाद तिवारी राजकिशोरनगर पहुंचे, शाम 5 बजकर 20 मिनट पर शनि मंदिर से रोड शो की शुरुआत हुई जिसमें भाजपा समर्थित लोगों के अलावा पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता शामिल रहे। शनि मंदिर राजकिशोर नगर से शुरू हुआ रोड शो लिंगियाडीह के रास्ते शनिचरी रपटा चौक पहुंचा। इस बीच लोगों का अभिवादन स्वीकारते मनोज तिवारी ने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में आम मतदाताओं से समर्थन जुटाने की कोशिश की। इस दौरान भाजपा के स्टार प्रचारक और भोजपुरी गायक मनोज तिवारी से TODAY छत्तीसगढ़ ने बातचीत की।
छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की चौथी बार सरकार बनने का दावा करते मनोज तिवारी ने कहा विभाजन के बाद राज्य के मतदाता कांग्रेस के शासनकाल को देख चुके हैं। तीन साल सत्ता में रही कांग्रेस ने आतंक दिखाकर शासन चलाया। भय-भूख, भ्रष्टाचार से त्रस्त छत्तीसगढ़ की जनता ने 2003 में सत्ता परिवर्तन कर विकास के जो सपने देखे उसे राज्य की भाजपा शासित डाक्टर रमन सिंह की सरकार ने पूरा किया। राज्य में पिछले 15 साल से भाजपा का शासन है, इन सालों में राज्य ने विकास के कइयों कीर्तिमान रचे। राज्य सरकार ने हर क्षेत्र में बेहतर काम किया है। सांसद मनोज तिवारी ने नक्सल समस्या पर एक सवाल का जवाब देते हुए कहा छत्तीसगढ़ में पिछले 15 साल में नक्सली गतिविधियों में कमी आई है। राज्य सरकार की कोशिशों के चलते सैकड़ों नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं। उन्होंने कहा कांग्रेस नक्सलियों को क्रांतिकारी मानती है, लेकिन निर्दोष लोगों की हत्या करने वालों के खिलाफ सरकार ने सख्त कदम उठाये हैं। मनोज तिवारी ने राज्य में भाजपा की सत्ता में पुनः वापसी का दावा करते हुए कांग्रेस के घोषणा पत्र में उल्लेखित किसानों के कर्ज माफ़ी को केवल चुनावों वायदा बताया।
राज्य में जनता कांग्रेस जे के सियासी समीकरण पर किये गए सवाल के जवाब में मनोज तिवारी ने कहा लोकतंत्र में किस्मत आजमाने का सभी को अधिकार है, जनता ने राज्य में अभूतपूर्व बदलाव देखा है। विकास के आगे सभी राजनैतिक वायदे-घोषणाएं बौनी हैं। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी 65 + का लक्ष्य पूरा करने जा रही है।
O कवर्धा विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी महारानी कृति देवी ने आज कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद अकबर को अपना समर्थन दे दिया है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी और प्रत्याशी पर भरोसा जताते हुए प्रदेश में बदलाव की जरूरत बताई है। छत्तीसगढ़ में सत्ता परिवर्तन के लिए कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन देने वाली कवर्धा राजघराने की महारानी ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में ताल ठोंककर कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी थीं लेकिन आज के बदले सियासी समीकरण से कांग्रेस को काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
O बिलासपुर अपोलो हाॅस्पिटल में कैंसर जागरूकता कार्यक्रम लेकर डॉक्टरों ने कैंसर की भयावहता और उससे बचने के बारे में जानकारी दी। डॉक्टरों ने बताया कि कैंसर का नाम सुनते ही लोग भय में आ जाते हैं। कैंसर रोगी को रोग की तुलना में भय के कारण अधिक तकलीफ होती है। कैंसर की भयावहता में भय और भ्रांति प्रमुख कारण हैं। कैंसर के प्रति जागरूक करने को लेकर अपोलो में डाक्टरों की टीम ने आज कई जानकारियां मीडिया के जरिये साझा की हैं। डॉक्टरों ने बताया कि कैंसर पर समय रहते दृढ़ इच्छा शक्ति और समुचित उपचार से जीत हासिल की जा सकती है। आवश्यकता इस बात की है कि बीमारी के बारे में जनसामान्य को जागरूक होने की सख्त जरूरत है। समुचित प्रचार प्रसार नहीं होने से लोग ज्यादा भय में रहते हैं। अपोलो हाॅस्पिटल के सीईओ डाॅ सजल सेन नें बताया कि कैंसर लाइलाज बीमारी नहीं है। यदि समय रहते लक्षणों की पहचना कर ली जाए तो कैंसर को ठीक किया जा सकता है। अपोलो में तीसरे स्टेज के कैंसर मरीजों को ठीक किया गया है। लोगों को भ्रांति से बचने की जरूरत है कि प्रदेश में कैंसर का इलाज मुश्किल है।
O बिलासपुर कलेक्टर ने आज मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के लिए मतदान 20 नवंबर को होगा। मतदान के दिन जिले के सभी कार्यालयों में अवकाश रहेगा। निर्वाचन हेतु मतदान दलों की रवानगी 19 नवंबर को सुबह 7 बजे होगी। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र कोटा, तखतपुर, बिल्हा, बिलासपुर, बेलतरा, मस्तूरी के लिए शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय कोनी और मरवाही विधानसभा के लिए शासकीय गुरूकुल विद्यालय पेण्ड्रारोड से होगी। सभी मतदान केन्द्रों में मतदाता सहायता केन्द्र खुलेंगे। मौके पर बीएलओ तैनात रहेंगे। बिलासपुर जिले में कुल 8 हजार 140 दिव्यांग मतदाताओं की पहचान हुई है। दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हील चेयर, रैम्प, मतदान केन्द्र तक आने के लिए वाहन की व्यवस्था, ब्रेल मतपत्र, ब्रेल मतदाता पर्ची और मरवाही विधानसभा में प्रतिक्षा कक्ष सुनिश्चित किया गया है।
O छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में नक्सलियों ने एक सड़क ठेकेदार की हत्या कर दी और ठेकेदार के वाहन समेत छह दूसरी गाड़ियों में आग के हवाले कर दिया। सुकमा जिले के पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक दोरनापाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत मिस्मा चिचोरगुड़ा में नक्सलियों ने सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदार हरिशंकर साहू की हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची ।